Tuesday, October 20th, 2026

अमेरिका के लोकप्रिय शो में उठा भारतीय किसानों का मुद्दा 

अमेरिका 
कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलित किसानो को जिस तरह से विदेशी हस्तियां अपना समर्थन दे रही हैं,उसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिस तरह से अमेरिकन पॉपस्टार रिहाना ने किसानों के समर्थन में ट्वीट किया था, उसके बाद देशभर में एक तबके ने इसका विरोध किया और किसानों के मुद्दे को भारत का आंतरिक मुद्दा बताते हुए एकजुट होने की बात कही थी। रिहाना, के बाद ग्रेटा थनबर्ग, मिया खलीफा ने भी किसानों के आंदोलन पर ट्वीट किया था। यह विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अमेरिका के लोकप्रिय व्यंगात्मक न्यूज प्रोग्राम द डेली शो के होस्ट ट्रेवर नोआ ने भी किसानों के समर्थन में ट्वीट किया है।
 
ट्रेवर नोआ ने ट्वीट करके भारतीय किसानों के आंदोलन के बारे में एक वीडियो साझा किया है। ट्वीट में नोआ ने लिखा आखिर भारत में किसान प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं। सरकार ने दशकों पुरानी कृषि कानूनों को बदलने की कोशिश की और तभी लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।अगर आप नहीं जानते हैं तो अब जान जाएंगे। 8 मिनट के वीडियो में दिखाया गया है कि आखिर किसान किन मुद्दों की वजह से प्रदर्शन कर रहे हैं और तकरीबन दो महीने से दिल्ली की सड़कों पर डटे हैं।

वीडियो की शुरुआत में नोआ कहते हैं कि हम भारत की बात कर रहे हैं क्योंकि वैश्विक प्रद्शन के साल में भारत में सबसे बड़ा प्रदर्शन चल रहा है। वीडियो में किसानों के डर के बारे में बताया गया है कि उन्हें लगता है कि एमएसपी को खत्म कर दिया जाएगा और कृषि का निजिकरण हो जाएगा, अहम बात यह है कि इस वीडियो में सरकार की ओर से कोई बयान नहीं दिखाया गया है। नोआ वीडियो में कहते हैं कि पिछले साल ने हमे कुछ सिखाया है तो वह यह कि किसानों को हमे हल्के में नहीं लेना चाहिए। हमे पूरी दुनिया में किसानों की जरूरत है।

बता दें कि किसान पिछले तकरीब तीन महीने से केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कई राउंड की बात के बाद भी किसानों और सरकार के बीच गतिरोध खत्म नहीं हो सका है। एक तरफ जहां किसान तीनों कानूनों को वापस लिए जाने से कम पर राजी नहीं हैं तो दूसरी तरफ सरकार इन कानूनों को वापस लिए जाने के पक्ष में नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में एक बार फिर से दोहराया है कि बातचीत के लिए दरवाजे खुले हैं और वो सिर्फ एक फोन की दूरी पर हैं।

 

#भारतीय किसानों का मुद्दा 

Source : Agency

पाठको की राय